गुमला | गुमला चैंबर ऑफ कॉमर्स की नई टीम आज गठित हो जाएगी। नगर भवन के सभागार में शपथ ग्रहण सह प्रमाण-पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसमें अध्यक्ष राजेश सिंह द्वारा मुख्य चुनाव पदाधिकारी को सौंपी गई कार्यसमिति की सूची सार्वजनिक की जाएगी। जिसके बाद चयनित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण होगा और प्रमाण-पत्र वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। मुख्य चुनाव पदाधिकारी रमेश कुमार चीनी ने बताया कि इस बार चैंबर का चुनाव नहीं हुआ बल्कि सर्वसम्मति से पदाधिकारी चुने गए है। चैंबर की जो भी टीम बनेगी। वो उत्साह पूर्वक कार्य करें। यही आशा है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों का चयन हो गया है, लेकिन यह अभी गुप्त है। रविवार को शपथ ग्रहण के दौरान ही सूची सार्वजनिक की जाएगी। इधर यह तय है कि सचिव बबलू वर्मा होंगे। इनके अलावे उपाध्यक्ष अभिजीत जायसवाल व दिलीप गुप्ता, सह-सचिव प्रणय साहू, पीआरओ आदित्य गुप्ता और राहुल केशरी या प्रतीक अग्रवाल का बनना तय है। शुरुआत में कोषाध्यक्ष पद पर राजेश लोहानी का नाम तय माना जा रहा था। किंतु अंतिम समय में लोहानी के स्थान पर इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेवारी युवा कमान के हाथ में सौंपने का निर्णय लिया गया है। इसलिए कोषाध्यक्ष के रूप में अब नया चेहरा नजर आएगा। हालांकि जिस युवा को कोषाध्यक्ष बनाया जाएगा, वो पूर्व से चैंबर में सक्रिय है।


