झारखंड में सोमवार का दिन मौसम के लिहाज से भारी साबित हो सकता है। मौसम विभाग ने 8 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट और 12 जिलों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटे झारखंड के लिए सतर्क रहने का समय है। मौसम विज्ञान विभाग और फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी रांची समेत कई जिलों में खतरा बना हुआ है। हांलाकि प्रदेश के कई जिलों में सुबह से मौसम साफ है। राजधानी रांची में बीते दो दिनों से सुबह-सुबह कुहासे जैसी स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि भारी बारिश की स्थिति पूर्वानुमान वाले जिलों में दोपहर बाद देखने को मिल सकती है। 7 से 11 सेमी तक हो सकती है बारिश मौसम केंद्र रांची ने सोमवार को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की भी आशंका है। 12 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने कहा है कि मानसूनी बारिश के कारण झारखंड के 12 जिलों गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और बोकारो में अचानक बाढ़ आ सकती है। यह चेतावनी 7 जुलाई की शाम 5:30 बजे तक के लिए जारी की गई है। डालटनगंज से गुजर रहा है मानसून टर्फ मौसम विभाग के अनुसार, मानसून टर्फ झारखंड के डालटनगंज से होकर गुजर रहा है। इसका असर पूरे राज्य में देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटे में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई है। रविवार को लातेहार के चंदवा में सबसे अधिक 90.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, राज्य का अधिकतम तापमान गोड्डा में 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान गुमला में 21.6 डिग्री दर्ज किया गया। डालटनगंज में 19.6 मिमी वर्षा हुई। 69 फीसदी ज्यादा हुई बारिश अब तक इस बार झारखंड में मानसून मेहरबान रहा है। 1 जून से 6 जुलाई तक जहां औसतन 246.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहां अब तक 417.2 मिमी बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 69% अधिक है। राज्य के अधिकांश जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। केवल 4 जिलों में बारिश की मात्रा सामान्य से कम है।


