रायपुर नगर निगम आज मेयर इन काउंसिल की पहली बैठक रखी गई है। यह बैठक तीन बजे आयोजित की गई है। इस बैठक में आगामी बजट को लेकर चर्चा की जाएगी। दरअसल मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल के पहले सप्ताह में मेयर मीनल चौबे अपना पहला बजट पेश करेगी। ऐसे में शहर के लिए विकास कार्यों और आने वाले बजट के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इस बार के बजट में सभी वर्गों, खासकर महिलाओं और युवाओं को फोकस करके तैयार किया जा रहा है। निगम के अधिकारी भी सामान्य सभा की तैयारी में जुटे हैं। सभापति के किया पदभार ग्रहण बुधवार को नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर ने अपना कामकाज संभाल लिया है।निगम मुख्यालय भवन में पहुंचते ही नए सभापति ने सबसे पहले पूज्य देव श्रीगणेश की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पदभार ग्रहण किया। इस दौरान निगम मुख्यालय के बाहर जमकर आतिशबाजी की गई। पदभार ग्रहण समारोह में विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, पूर्व महापौर डॉ. किरणमयी नायक, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, एजाज ढेबर, संजय श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अवंति विहार कॉलोनी में स्थित पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी, तेलीबांधा रिंग रोड चौक में स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय और शारदा चौक में स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस दौरान वे जहां-जहां पहुंचे वहां उनका भाजपा नेताओं ने स्वागत किया आकाश तिवारी की कांग्रेस वापसी कांग्रेस से निष्कासित पार्षद आकाश तिवारी की वापसी हो गई है। बुधवार को कांग्रेस भवन में राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट की उपस्थिति में उनका निष्कासन रद्द किया गया। पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर आकाश ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और अच्छे वोटों से जीते। निगम में कांग्रेस के अब आठ पार्षद हो गए हैं। वे दूसरी बार पार्षद का चुनाव जीते हैं। कांग्रेस के सात पार्षदों में केवल संदीप साहू ही दूसरी बार चुनाव जीते हैं। बाकी छह में पांच महिला और एक पुरुष पार्षद शेख मुशीर भी पहली बार चुनाव जीते हैं।


