छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गणेश चतुर्थी पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापना की गई। नटवर स्कूल परिसर में 15 फीट और रायगढ़ स्टेडियम के सामने 11 फीट की प्रतिमा की गई है। चक्रधर नगर रोड स्थित रायगढ़ स्टेडियम के सामने चक्रधर नगर गणेश पूजन, जनजागरण, सांस्कृतिक और पर्यावरण सेवा समिति ने पिछले साल से गणेश चतुर्थी मनाने की शुरुआत की। यहां इस साल भव्य पंडाल महाराष्ट्र के सिद्धी विनायक मंदिर के थीम पर बनाया गया है। समिति के सदस्यों ने बताया कि इस साल आकर्षक रूप से सड़क पर लाइट और झालरों की सजावट की गई है। गणेश प्रतिमा 11 फीट 7 इंच की है और पंडाल तकरीबन 85 फीट ऊंचा है। महाराष्ट्र मंडल के गणेशोत्सव का 86वां वर्ष नटवर हाई स्कूल के परिसर में महाराष्ट्र मंडल की ओर से गणेशोत्सव बड़े ही धूमधाम और आस्था के साथ मनाया जाता है। महाराष्ट्र मंडल के सचिव अरूण कातोरे ने बताया कि इस बार महाराष्ट्र मंडल के गणेशोत्सव का 86वां साल है। बड़े-बुजुर्गों की शुरू की गई परांपरा को लगातार निभाया जा रहा है। इस साल 15 फीट की प्रतिमा की स्थापना यहां की जाएगी।


