आज से मोहम्मदगंज स्टेशन पर रुकेगी गरीब रथ एक्सप्रेस, सांसद करेंगे रवाना

गढ़वा | रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12877/12878) के मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर ठहराव को लेकर रेलवे ने अधिसूचना जारी कर दी है। उक्त ट्रेन का ठहराव 23 जनवरी 2026 से किया जाएगा। सांसद विष्णु दयाल राम 23 जनवरी की रात 10 बजे मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर ट्रेन के ठहराव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस संबंध में सांसद ने कहा कि पलामू जिले के मोहम्मदगंज, हैदरनगर, उटारी रोड और गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड की जनता से कार्यक्रम में शामिल होकर सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लाखों यात्रियों के लिए जीवन-रेखा के समान है। इस ट्रेन से प्रतिदिन छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, मरीज और आम यात्री दिल्ली, रांची और अन्य महानगरों की यात्रा करते हैं। उन्होंने बताया कि मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पलामू संसदीय क्षेत्र का एक प्रमुख स्टेशन है। यहां गरीब रथ एक्सप्रेस के ठहराव से मोहम्मदगंज, हैदरनगर, उटारी रोड, कांडी प्रखंड के साथ-साथ बिहार सीमा से सटे कई गांवों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र के लोगों का आवागमन सुगम होगा और समय तथा खर्च दोनों की बचत होगी। सांसद ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता की ओर से हार्दिक आभार व धन्यवाद प्रकट किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *