आतंकी हमले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन:पाकिस्तान और आतंकवाद का पुतला फूंका, 2 मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत के नेतृत्व में शहर और ग्रामीण कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान और आतंकवाद का पुतला दहन किया। इस दौरान पहलगाम हमले में शहीद हुए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “हिंदुस्तान जिंदाबाद”, “पाकिस्तान मुर्दाबाद”, “आतंकवाद मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। उन्होंने पाकिस्तान पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि इस हमले के पीछे उसकी साजिश है। पूर्व मंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने कहा कि अब केवल भाषणों से काम नहीं चलेगा, आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है। जाड़ावत ने कहा कि यह हमला सिर्फ कुछ लोगों की जान लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमला करते समय उनके नाम पूछे, जिससे यह साफ होता है कि उनके निशाने पर एक विशेष धर्म के लोग थे। यह कोशिश भारत को धर्म के आधार पर बांटने की है, जिसे देश कभी सफल नहीं होने देगा। अमरनाथ यात्रा को डराने की साजिश जाड़ावत ने कहा कि यह हमला अमरनाथ यात्रा से पहले लोगों के दिल में डर पैदा करने की सोची-समझी साजिश है। पाकिस्तान नहीं चाहता कि भारत में अमन-चैन बना रहे, इसलिए वह इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिलवा रहा है। आतंकियों की क्रूरता ने एक बार फिर दुनिया को दिखा दिया कि आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है। केंद्र सरकार को विपक्ष को लेना चाहिए विश्वास में पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में केंद्र सरकार को विपक्ष को विश्वास में लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश एकजुट होकर आतंकवाद का मुकाबला करेगा, तभी इस पर काबू पाया जा सकता है। सरकार को चाहिए कि वह सभी राजनीतिक दलों के साथ मिलकर मजबूत रणनीति बनाए और आतंकवाद को जड़ से खत्म करे। पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि केंद्र और जम्मू-कश्मीर की सरकारों को पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है देश जाड़ावत ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी और देश की जनता सीमा पर तैनात सैनिकों के साथ है और आतंकवाद के खिलाफ हर कदम पर सरकार का साथ देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाए और पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया जाए। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, युवा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की और भारत की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *