भास्कर न्यूज | प्रतापपुर कश्मीर के पहलगाम में जिहादी आतंकवादियों द्वारा हिंदू श्रद्धालुओं की निर्मम हत्या के विरोध में प्रतापपुर में बजरंग दल व अन्य हिंदू संगठनों द्वारा मौन धारण कर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। बस स्टैंड कॉलेज चौक पर मोमबत्तियां जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और आतंकवाद के खिलाफ तीव्र आक्रोश व्यक्त किया गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस जघन्य आतंकी हमले की तीखी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ फिर से सर्जिकल स्ट्राइक करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि जिस तरह से आतंकियों ने हिंदुओं को निशाना बनाकर चुन-चुनकर मारा है, वह न केवल अमानवीय है बल्कि पूरे देश की आत्मा को झकझोरने वाला है। इस नृशंस घटना से नगर में भी गहरा आक्रोश देखने को मिला। सभा के दौरान “भारत माता की जय” और “आतंकवाद मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए देश की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने की मांग की गई। सभी ने इस बात पर जोर दिया कि अब आतंक के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई का समय है।


