आतिशबाजी के साथ हुआ कोटा महोत्सव का समापन:कोटा डोरिया साड़ी पहनकर रैंप पर उतरी मॉडल, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर रिवर फ्रंट में 29 तक निशुल्क एंट्री

तीन दिवसीय कोटा महोत्सव का समापन बुधवार रात आतिशबाजी के साथ हुआ। आखिरी दिन यहां उल्लास अपने चरम पर पहुंच गया। सुबह से रात तक बहुरंगी मनोरंजक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झड़ी लगी रही। जिनका लोगों ने खूब आनंद लिया। अलग-अलग मंचों पर अलग-अलग शैलियों और विधाओं की शानदार प्रस्तुति देखने को मिली। भपंग वादन,बम रसिया, कालबेलिया, चरी नृत्य सहित लोक कलाओं की अद्भुत प्रस्तुति लोगो को देखने को मिली। दिन में जहां युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और कोटा डोरिया फैशन शो के माध्यम से इसकी लोकप्रियता संभावनाओं का दिग्दर्शन कराया। रात के समय प्रख्यात कथक नृत्यांगना मोनिशा नायक की भव्य नृत्य प्रस्तुति घंटी घाट पर हुई जबकि नंदी घाट पर लोक कलाओं का जादू चला। चंबल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर कुटुर फैशन टेक्नोलॉजी की ओर से पंच गौरव में शामिल एक जिला एक उत्पाद के तहत कोटा डोरिया डोरिया फैशन शो हुआ। कोटा डोरिया फैशन शो में कुटुर इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों द्वारा तैयार परिधानों को प्रस्तुत किया गया। इनमें कोटा डोरिया, जरी साड़ी, कोटा डोरिया से निर्मित लहंगे, स्कर्ट्स, डोरिया विद लहरिया, डोरिया वेस्टर्न ड्रेसेस और किड्स फ्रॉक शामिल रहे। इन परिधानों को संस्थान के मॉडलों ने रैंप पर कैटवॉक किया। कार्यक्रम में किड्स शो और कोटा क्वीन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों से लेकर हर उम्र की महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। किड्स शो में बच्चों की मासूमियत और रचनात्मकता ने सबका ध्यान आकर्षित किया, जबकि कोटा क्वीन प्रतियोगिता में महिलाओं ने रैंप वॉक के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कोटा के दशहरा मैदान में विजय श्री रंगमंच पर इंडियन आइडल फेम पीयूष पवार ने अपने गीतों गजलों से समां बांधा। गीत संगीत से भीगी शाम में संगीत प्रेमी झूमते रहे। सुरों के आगोश में बंधकर जिला कलेक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी भी स्वयं को नहीं रोक पाए और मंच पर जाकर उन्होंने “हर पल यहां जी भर जियो..कल हो ना हो गीत की प्रस्तुति से सकारात्मकता का संदेश दिया। कोचिंग के डायरेक्टर बृजेश माहेश्वरी, गोविंद और राजेश माहेश्वरी ने भी सुर साधे। शहरवासियों के लिए अमृता हाट मेला प्रदर्शनी 29 दिसंबर तक चम्बल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर निःशुल्क प्रवेश रहेगा। शौर्य घाट पर चल रहे अमृता हाट मेले देखने जिन्हें भी जाना है उन्हें पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर जीरो टिकट का क्यूआर कोड जनरेट होगा जो चंबल रिवर फ्रंट के वेस्टर्न घाट के एंट्री गेट पर दिखाने के बाद ही वहां से प्रवेश दिया जाएगा। महिला अधिकारिता के सहायक निदेशक मनोज कुमार मीणा ने बताया कि रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर 29 दिसम्बर तक सुबह 10 से रात 8 बजे तक आमजन के लिए निःशुल्क प्रवेश रहेगा। शौर्य घाट पर 26 दिसम्बर को 4 बजे से डांस प्रतियोगिता, 27 को 4 बजे से मिस अमृता 2024 प्रतियोगिता ओर कोटा एक्सप्लोर, 28 को शाम 4 बजे से कवि सम्मेलन कार्यक्रम व 29 को शाम 4 बजे से गायन प्रतियोगिता की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *