आत्महत्या का वीडियो पोस्ट कर लापता युवक, यूपी में मिला:पत्नी, सास और साले पर जान से मरवाने का लगाया था आरोप

दतिया में सेवढ़ा क्षेत्र के डीपार थाना अंतर्गत ग्राम रुहेरा से लापता युवक की लोकेशन उत्तर प्रदेश में मिलने से पुलिस और परिजनों में हलचल मच गई है। युवक ने शुक्रवार सुबह इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर आत्महत्या करने की बात कही थी, जिसके बाद से वह लापता था। वीडियो में उसने अपनी पत्नी, सास और साले पर जान से मरवाने के आरोप लगाए थे। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने सिंध नदी में रेस्क्यू चलाया, लेकिन दो दिन तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा। पत्नी, सास, साले पर प्रताड़ना के आरोप लगाए
जानकारी के अनुसार ग्राम रुहेरा निवासी 22 वर्षीय पवन चौहान पुत्र रामबरन चौहान ने शुक्रवार सुबह एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा किया था। वीडियो में उसने पत्नी, सास और साले पर प्रताड़ना और हत्या की साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही आत्महत्या करने की बात कहते हुए उसने अपनी मां का ध्यान रखने की अपील की थी। वीडियो सामने आते ही स्वजन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सिंध नदी में चला रेस्क्यू
वीडियो की जानकारी ग्राम पंचायत के सरपंच सोनू गुर्जर तक पहुंची, जिन्होंने तत्काल युवक के स्वजनों को सूचित किया। स्वजन खेत और सिंध नदी किनारे पहुंचे, लेकिन युवक वहां नहीं मिला। तलाश के दौरान कुछ दूरी पर उसका मोबाइल फोन और जैकेट बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डीपार थाना पुलिस के साथ पांच सदस्यीय एसडीआरएफ टीम और डीआरसी सेवढ़ा की टीम प्रभारी पीसी शिवराज सिंह बघेल के नेतृत्व में नाव, लाइफ जैकेट और रस्सियों के साथ मौके पर पहुंची। शुक्रवार और शनिवार को रेस्क्यू चलाया गया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। यूपी में होने की सूचना से बदली तस्वीर
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि युवक की अपने गांव के एक ग्रामीण से मोबाइल पर बात हुई है। बातचीत में युवक ने खुद को जीवित बताते हुए उत्तर प्रदेश में किसी रिश्तेदार के घर पर होने की जानकारी दी। इस सूचना के बाद पुलिस ने साइबर टीम की मदद से युवक की लोकेशन ट्रेस की, जो उत्तर प्रदेश में पाई गई। बरामदगी के लिए टीम रवाना
लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने युवक की बरामदगी के लिए एक टीम उत्तर प्रदेश रवाना कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवक के मिलने के बाद ही पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों ने ली राहत की सांस
युवक के जीवित होने की खबर मिलने के बाद उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं गांव में भी इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और युवक के मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *