आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गिरफ्तार:फरार जावेद अंसारी उर्फ शालू अंसारी को न्यायालय ने जेल भेजा

मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मामले में पुलिस ने सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई। थाना प्रभारी नईगढ़ी उप निरीक्षक गोविंद प्रसाद तिवारी ने बताया कि 10 जनवरी 2026 को वार्ड क्रमांक 13, नईगढ़ी निवासी रणबहादुर सिंह (53) ने अपनी बेटी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी थी। इस पर थाना नईगढ़ी में मर्ग क्रमांक 03/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मर्ग जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर नईगढ़ी निवासी जावेद अंसारी उर्फ शालू अंसारी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उत्प्रेरण का अपराध प्रमाणित पाया गया। इसके बाद थाना नईगढ़ी में अपराध क्रमांक 25/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे 2 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया और माननीय न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक मऊगंज दिलीप सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार और एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नईगढ़ी उप निरीक्षक गोविंद प्रसाद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *