जालंधर के आदमपुर में 2 जनवरी 2025 को आदमपुर हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टार एयरलाइंस की फ्लाइट से यात्रा करने पहुंची दो महिलाओं को नकली टिकट के साथ पकड़ा गया। दोनों महिलाएं आदमपुर से नांदेड़ जाने वाली फ्लाइट में सफर करने के लिए एयरपोर्ट आई थीं। जानकारी के अनुसार, जब महिलाओं ने एयरलाइंस के चेक-इन काउंटर पर अपने टिकट जमा कराए, तो वहां तैनात एयरलाइंस कर्मी ने टिकटों की जांच के दौरान उन्हें संदिग्ध पाया। जांच में सामने आया कि दोनों टिकट नकली हैं। इसके बाद तुरंत पुलिस और एयरपोर्ट प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। पुलिस मामले की कर रही जांच मौके पर मौजूद महिलाओं ने बताया कि उन्होंने ये टिकट एक एजेंट के माध्यम से खरीदे थे। प्रारंभिक पूछताछ के बाद मामले की आगे की जांच के लिए केस पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली टिकट रैकेट के पीछे कौन लोग शामिल हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की इस घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे नकली हवाई टिकटों से सावधान रहें। प्रशासन ने कहा कि एयरपोर्ट आने से पहले यात्री अपने टिकट की सही तरीके से जांच जरूर कर लें और केवल अधिकृत वेबसाइट या विश्वसनीय एजेंट के माध्यम से ही टिकट बुक कराएं, ताकि इस तरह की परेशानी से बचा जा सके।


