बूंदी के नैनवां क्षेत्र स्थित आदर्श बाल विद्या मन्दिर माध्यमिक स्कूल, बामनगांव में वार्षिक उत्सव और कक्षा 10 का विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सत्र 2024-25 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पदम नागर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा को एक लक्ष्य बनाकर ग्रहण करें और भविष्य की कार्य योजनाएं बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉक्टर, आईएएस, आरएएस या शिक्षक जैसे लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने से सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस समारोह की अध्यक्षता करवर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कन्हैया लाल नागर ने की। विशिष्ट अतिथियों में धाकड़ समाज के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश नागर, जीएसएस अध्यक्ष महेंद्र नागर, बामनगांव के पूर्व सरपंच सूरजमल भाटी, सत्यनारायण नागर, बाबूलाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सचिव सत्यनारायण भाटी और छितर फौजी शामिल थे। स्कूल प्रबंधन की ओर से प्रिंसिपल विनोद नागर, वाइस प्रिंसिपल अमृतराम मीणा और कार्यवाहक प्रिंसिपल आदित्य साहू (बामनगांव) मौजूद रहे। स्कूल परिवार और स्कूल विकास समिति, बामनगांव के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की और अतिथियों का स्वागत-सम्मान किया।


