भास्कर न्यूज | नारायणपुर जिले के नक्सल प्रभावित व संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिले में निरंतर नक्सल विरोधी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 जनवरी को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल 53वीं वाहिनी व डीआरजी की संयुक्त टीम को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि नक्सली तत्वों द्वारा आदिंगपार–कुमेरादी क्षेत्र के जंगलों में कुछ संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर उक्त क्षेत्र में सघन सर्च व एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया। यह अभियान आईटीबीपी आदिंगपार ई-समावय, कंपनी कमांडर आजाद और डीआरजी से सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में संचालित किया गया। सर्च अभियान के दौरान आदिंगपार व कुमेरादी के जंगल क्षेत्र में एक संदिग्ध झिल्ली (पॉलीथीन) दिखाई देने पर मौके पर रुककर क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान नक्सली तत्वों द्वारा गोलाबारी की गतिविधियों में उपयोग की जा सकने वाली 82 नग बीजीएल सेल बरामद की गई। बरामद समस्त सामग्री को मौके पर विधिवत जब्त कर लिया गया है। जब्त सामग्री के संबंध में अग्रिम जांच व तकनीकी विश्लेषण की कार्रवाई जारी है। सर्च अभियान के दौरान क्षेत्र में पूर्ण सतर्कता, घेराबंदी व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संपूर्ण अभियान शांतिपूर्ण व खैरियत पूर्वक संपन्न हुआ। आईटीबीपी व डीआरजी द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर सर्च अभियान, गश्त व निगरानी के माध्यम से शांति, सुरक्षा व कानून-व्यवस्था बनाए रखने प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


