भास्कर न्यूज | सरायकेला नगर निकाय निर्वाचन के दौरान आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में महापौर पद की राजनीतिक तस्वीर शुक्रवार को उस समय साफ हो गई, जब महापौर पद की उम्मीदवार शकुंतला महाली ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। नाम वापसी के साथ ही उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित उम्मीदवार डब्बा सोरेन उर्फ भुगुलू सोरेन को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। सरायकेला स्थित हरिहर मॉल में प्रेस कांफ्रेंस में शकुंतला महाली ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी एवं पार्टी संगठन के जिला अध्यक्ष के निर्देशानुसार नामांकन दाखिल किया था और संगठन के निर्णय के अनुरूप ही अब नामांकन वापस लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी हित में लिया गया यह निर्णय पूरी तरह से संगठनात्मक है। मौके पर उपस्थित गणेश महाली एवं पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवेंदू महतो ने संयुक्त रूप से बताया कि कुछ तकनीकी कारणों के चलते पार्टी द्वारा प्रारंभिक तौर पर शकुंतला महाली एवं डब्बा सोरेन, दोनों का नामांकन पत्र भरवाया गया था। बाद में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार शकुंतला महाली ने नाम वापस लेकर डब्बा सोरेन के पक्ष में समर्थन देने का निर्णय लिया। गणेश महाली ने कहा कि अब पार्टी के सभी कार्यकर्ता तन-मन-धन से झामुमो समर्थित उम्मीदवार डब्बा सोरेन की जीत सुनिश्चित करने मैदान में उतरेंगे।


