राज्यसभा सदस्य और प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू को बुधवार को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल उरांव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में इसकी घोषणा की। आदित्य साहू अब अगले तीन वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई का नेतृत्व करेंगे। जुएल उरांव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन प्राप्त हुआ था, जो आदित्य साहू का था। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय परिषद की 21 सीटों के लिए भी 21 नेताओं को निर्वाचित घोषित किया। – पेज दो भी पढ़ें राष्ट्रीय परिषद के 21 सदस्य निर्वाचित झारखंड से राष्ट्रीय परिषद के लिए जिन नेताओं को निर्वाचित किया गया, उनमें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, संजय सेठ, अन्नपूर्णा देवी, अभयकांत प्रसाद, यदुनाथ पांडेय, पशुपति नाथ सिंह, रवींद्र कुमार राय, दिनेशानंद गोस्वामी, दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा, समीर उरांव, अनंत ओझा, गीता कोड़ा, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही और जीतू चरण राम शामिल हैं। जनता का भरोसा भाजपा पर: आदित्य प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आदित्य साहू ने कहा कि हमें एक साथ दो-दो जिम्मेवारी निभानी है। संगठन को और मजबूत करना है। दूसरी ओर राज्य की भ्रष्ट सरकार की सत्ता से जनता को मुक्ति दिलानी है। जनता को अब भी भाजपा पर ही भरोसा है।


