भास्कर न्यूज | डुमरी प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिरा सीता धाम में आयोजित होने वाले राजकीय मेला को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। मेला के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमां ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर में लगाए गए पंडाल, पार्किंग व्यवस्था, पूजा स्थल मुख्य अतिथियों के आगमन और प्रस्थान मार्ग का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न होने देने की हिदायत दी। खासकर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। इस राजकीय मेला में मुख्य अतिथि के रूप में आदिवासी कल्याण मंत्री चमरा लिंडा शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक भूषण तिर्की, जिग्गा सुसारन होरो तथा राजेश कच्छप की उपस्थिति प्रस्तावित है। अतिथियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला आयोजन एवं व्यवस्थाओं की निगरानी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) उमेश स्वांसी के नेतृत्व में की जा रही है। वहीं मंत्री के आप्त सचिव सुनील उरांव एवं मोहरलाल उरांव ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिए।


