खरगोन के भगवानपुरा से कांग्रेस विधायक केदार डावर के गृहग्राम सांगवी में आयोजित इंदल पूजन कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शिरकत की। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह ने न केवल आदिवासी समाज के साथ पारंपरिक पूजन में भाग लिया, बल्कि ढोल-मांदल की थाप पर जमकर नृत्य भी किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार और पूर्व मंत्री सचिन यादव भी मौजूद रहे, जिन्होंने भी आदिवासी समाज के साथ नृत्य में हिस्सा लिया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक आदिवासी गीत प्रस्तुत किए। सागौन के खुंटे गाड़कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प
इंदल महोत्सव आदिवासी समाज का एक महत्वपूर्ण पारंपरिक त्योहार है। इस अवसर पर विशेष पूजन विधि का आयोजन किया गया, जिसमें कुंवारे लड़के-लड़की, ग्राम पटेल और पुजारी सहित पांच लोगों ने भाग लिया। पूजन स्थल पर कदंब की तीन डालियां और सागौन के खुंटे गाड़कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया गया।


