आदेश को कदाचरण और अनुशासनहीनता माना, बाबू भी सस्पेंड:विजयवर्गीय के बयान को अमानवीय बताने का आदेश जारी करने वाले देवास एसडीएम सस्पेंड

इंदौर में गंदा पानी पीने से हुई मौतों और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान को लेकर जारी आदेश के मामले में देवास के एसडीएम आनंद मालवीय को 24 घंटे में निलंबित कर दिया गया। उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह ने इसे गंभीर कदाचरण व अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन के आदेश जारी किए। एसडीएम के साथ उनके बाबू सहायक ग्रेड-3 को भी निलंबित किया है। कांग्रेस के ज्ञापन से ज्यों की त्यों लिख दी भाषा 3 जनवरी को देवास एसडीएम मालवीय ने कांग्रेस के प्रदर्शन की अनुमति से जुड़ा एक आदेश जारी किया था। इसमें इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में मल-मूत्र युक्त पानी पीने से 14 मौत और 2800 लोगों के बीमार होने का उल्लेख किया गया। साथ ही मंत्री विजयवर्गीय के बयान को ‘अमानवीय और निर्लज्जता की निशानी बताया गया। यह भाषा कांग्रेस के ज्ञापन से ज्यों की त्यों आदेश में लिख दी गई थी और आदेश वायरल हो गया। मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा तो इसे गंभीर प्रशासनिक चूक माना गया। संभागायुक्त उज्जैन ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। संभागायुक्त के आदेश में कहा गया कि कांग्रेस द्वारा दी गई सूचना और आंकड़ों की बिना जांच-पड़ताल किए आदेश जारी करना, पद के दायित्वों के अनुरूप नहीं है। यह शासकीय कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही और अनियमितता को दर्शाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *