आधार अस्पताल में बनना शुरू नहीं:जन्म होते ही आधार बनाने खरीदे थे 144 टेबलेट संचालनालय में डंप रहे, 36 चोरी हुए तब खुलासा

नवा रायपुर स्थित स्वास्थ्य संचालनालय के स्टोर से टैबलेट चोरी होने के बाद शिशुओं के आधार कार्ड बनाने में लापरवाही उजागर हुई है। करीब डेढ़ साल पहले नवजातों से लेकर 5 साल तक के बच्चों के आधार बनाने के लिए करीब 15 लाख रुपए के 144 टैबलेट खरीदे गए थे। इन्हें संचालनालय के स्टोर में रखवाया गया था, ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बांटे जा सकें। इस दौरान स्टोर से एक-एक कर 36 टैबलेट चोरी हो गए। चोरी की खबर सामने आने के बाद जांच शुरू की गई तो पता लगा कि टैबलेट बांटे ही नहीं गए। अस्पतालों में शिशु के जन्म लेते ही उसका आधार बनाने की योजना करीब एक साल पहले ही शुरू होनी थी। पड़ताल के दौरान पता चला है कि केंद्र की योजना के तहत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में नवजातों से लेकर 5 साल तक के बच्चों का आधार बनाना है। उसी के तहत केंद्र के माध्यम से 144 टैबलेट खरीदे गए थे। तय अनुसार अस्पतालों में काम करने वाले ऑपरेटरों को ट्रेनिंग देकर उन्हें एक-एक टैबलेट बांटना था। लेकिन अब तक प्रदेश में केवल 7 टैबलेट ही बांटे गए हैं। बाकी नवा रायपुर स्थित संचालनालय के स्टोर में ही डंप रहे। फिर एक-एक कर 36 से ज्यादा टैबलेट गायब हो गए तब अफसर अलर्ट हुए। सीसीटीवी कैमरे से जांच की गई। उसमें संचालनालय का बाबू आशिक बेक एक टैबलेट ले जाता नजर आया। अफसरों ने उसके खिलाफ राखी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और मामले को दबा दिया। स्टोर इंचार्ज सहित वहां के अन्य स्टाफ को वहां से हटाना तो दूर, उनके खिलाफ कार्रवाई ही नहीं की गई। पुलिस ने भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाबू को पकड़ा। उससे 8-10 टैबलेट रिकवर हुए हैं। बाकी कहां गए? इस पर सस्पेंस है। ऑपरेटर एनसेट की परीक्षा ही पास नहीं कर रहे आधार निजता से जुड़ा है। एनसेट के माध्यम से परीक्षा पास करने वाले ऑपरेटर को ही आधार देना है, ताकि वह सही तरीके से ट्रैक कर सके और गड़बड़ी न हो। ऑपरेटर परीक्षा पास नहीं कर रहे हैं। इसलिए नियमानुसार हम टैबलेट नहीं सौंप सकते। -डॉ. शैलेंद्र अग्रवाल, नोडल अफसर शिशु एवं मातृत्व कार्यक्रम, राज्य मातृत्व एवं शिशु प्रोग्राम प्रभारी कई बार चिट्ठी लिखी, नहीं बांट रहे टैबलेट हमने कई बार कार्यक्रम प्रभारी को पत्र लिखा पर उन्होंने टैबलेट नहीं बांटे। चोरी की शिकायत पुलिस में कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। -डॉ. महेंद्र सिंह, स्टोर प्रभारी, स्वास्थ्य संचालनालय

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *