स्टेडियम को आधुनिक खेल मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना है। इसमें अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता की पिच, प्रैक्टिस नेट, खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम, अम्पायर रूम, मीडिया गैलरी, जिम, वॉशरूम व सुविधा केंद्र विकसित किए जाएंगे। भविष्य में नाइट मैचों के लिए फ्लड लाइट लगाने की भी योजना है। दर्शकों के लिए सुरक्षित एवं आरामदायक स्टैंड का निर्माण किया जाएगा, जो एक साथ सैकड़ों दर्शकों की क्षमता वाला होगा। स्टेडियम बनने से जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा। यहां राज्यस्तरीय ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित होने की भी संभावना बढ़ेगी। इससे चतरा को राज्य और राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। जफर परवेज | चतरा जिले में खेल अवसंरचना को मजबूत आधार देने और खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। चतरा में अब अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 4.50 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विस्तृत प्राक्कलन (डीपीआर) तैयार कर सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय को स्वीकृति हेतु भेजा गया है। मंत्रालय से अनुमति मिलते ही निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस परियोजना के लिए 4.10 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है, जो जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम और महिला कॉलेज के समीप स्थित है। स्थान का चयन खेल गतिविधियों की अनुकूलता, यातायात सुविधा और भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखते हुए किया गया है । यह योजना धरातल पर उतरने के बाद जिले के खेल इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। उल्लेखनीय है कि कुछ वर्ष पूर्व जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम को विशेष रूप से फुटबॉल मैदान के रूप में विकसित किए जाने के बाद से क्रिकेट के लिए समर्पित मैदान का अभाव महसूस किया जा रहा था। तत्कालीन उपायुक्त अबू इमरान ने इस कमी को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम की अवधारणा दी थी, जिसका सपना अब साकार होने की दिशा में अग्रसर है। ^भूमि चयन और प्राक्कलन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसे स्वीकृति के लिए मंत्रालय में भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निविदा जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।^ -कैलाश राम, डीएसओ चतरा


