आध्यात्म मानव जीवन के लिए अत्यंत ही जरूरी : प्रकाश राम

भास्कर न्यूज | लातेहार शहर के बाईपास रोड स्थित प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के ओम शांति केंद्र में शनिवार को 90वीं शिव जयंती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रकाश राम, डीएफओ प्रवेश अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, ओम शांति केंद्र की प्रभारी शांति बहन शामिल हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता नवीन कुमार गुप्ता ने की। मुख्य वक्ता शांति बहन ने कहा कि मनुष्य का जीवन अत्यंत अनमोल है और इसे सही दिशा में लगाना ही जीवन की सच्ची सफलता है। अध्यात्म के माध्यम से ही व्यक्ति अपने भीतर शांति, संयम और सकारात्मक सोच का विकास कर सकता है। विधायक प्रकाश राम ने कहा कि आध्यात्म मानव जीवन के लिए अत्यंत कल्याणकारी है। आध्यात्म से विमुख होने पर मनुष्य अपने मूल तत्वों और मानवीय मूल्यों से भटक जाता है। उन्होंने कहा कि अध्यात्म से ही शांति, गौरव, वैभव, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम जैसे सद्गुणों का विकास संभव है। डीएफओ प्रवेश अग्रवाल ने कहा कि अध्यात्म व्यक्ति को जीवन में सदुपयोग और निस्वार्थ भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। लोभ और स्वार्थ से ऊपर उठकर किए गए कार्य ही जीवन को सार्थक बनाते हैं, अन्यथा मनुष्य अनेक प्रकार के कष्टों में उलझ जाता है। जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि मानव जीवन केवल अपने स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि समाज और संसार की भलाई के लिए है। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष बंसी यादव, बीके शांति बहन, एंजिला बहन, अनिल भाई, आशीष भाई, मुरारी प्रसाद, विनोद भाई, बृजेश भाई, नवीन भाई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *