भास्कर न्यूज | पटना राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सेजेस पटना में 31 जनवरी को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के बीच चित्रकारी व स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सड़क सुरक्षा से संबंधित विचारों के साथ की गई। इसमें उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन नहीं चलाने और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का माध्यम है और इसमें बच्चों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा पर प्रभावशाली और संदेशात्मक स्लोगन प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं की आध्या जायसवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 9वीं की कीर्ति गुप्ता ने द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं चित्रकारी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में कक्षा 8वीं की प्राची जायसवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और जागरूक सोच की सभी ने सराहना की। प्रतियोगिता के बाद विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन के सुनील जायसवाल, आशा महंत व शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा का संकल्प लेकर किया।


