आनंद मेला: लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजन का स्वाद लिया

भास्कर न्यूज | बिश्रामपुर माध्यमिक शाला कुंजनगर में पूर्व व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षण के तहत पाककला आनंद मेले का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ नव निर्वाचित सरपंच अरुणा सिंह ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गान और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। आनंद मेले में चाउमीन 20 रुपए प्लेट, मोमोज 10 रुपए प्लेट, गाजर हलवा 20 रुपए प्लेट, केक 5 रुपए नग, ढोकला 5 रुपए नग, भजिया 10 रुपए प्लेट, इडली 10 रुपए प्लेट, मालपुआ 5 रुपए नग, आलू गुंडा 10 रुपए प्लेट और गुजिया 5 रुपए प्रति नग रखी गई। दाम बाजार से कम होने के कारण स्थानीय लोगों, अभिभावकों, बच्चों और अन्य गांवों से आए लोगों ने व्यंजनों का आनंद लिया। बच्चों ने सामान बनाने और बेचने के तौर-तरीकों को सीखा। विद्यालय की छात्राओं ने कहा कि इस प्रशिक्षण से वे त्योहारों पर पकवान बनाने में अपनी मां की मदद कर सकेंगी। कार्यक्रम का निरीक्षण करने सहायक परियोजना समन्वयक शोभनाथ चौबे, वरिष्ठ पत्रकार विनय पांडेय, प्रधान पाठक सीमांचल त्रिपाठी, प्रधान पाठक हर्ष नारायण शर्मा और संकुल समन्वयक नेल्सन बेक पहुंचे। निरीक्षकों ने स्टालों पर जाकर व्यंजनों का स्वाद लिया और बच्चों से बनाने की विधि जानी। बच्चों ने उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। सफल आयोजन के लिए संस्था प्रमुख पार्वती सरुता को सहायक परियोजना समन्वयक ने श्रीफल और सरपंच अरुणा सिंह ने शाल देकर सम्मानित किया। संस्था प्रमुख ने पूर्व व्यावसायिक शिक्षा प्रभारी और विद्यालय के कार्यों में सक्रिय सहयोग देने के लिए लक्ष्मी सिंह राठौर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *