भास्कर न्यूज | सरायकेला आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत मनाया जा रहे सेवा का अधिकार सप्ताह को लेकर सरायकेला प्रखंड के पांड्रा पंचायत सचिवालय में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें हेंस्सा गांव निवासी शंकर सोय ने आवेदन देकर जमीन विवाद में फर्जी नामांतरण की गुहार लगाई है। सौंपे गए आवेदन के संबंध में जानकारी देते हुए शंकर सोय ने बताया है कि देवगिरीसाई मौजा, सरायकेला थाना, थाना नंबर-276 की खाता संख्या-6, प्लॉट संख्या-135, पुरानी परती, रकबा 6.60 एकड़ जमीन उनके पिता स्वर्गीय मांगू सोय के मामा गोरा हो के नाम पर वर्ष 1961 सर्वे खतियान में रेकर्ड दर्ज है। खतियानी के देहांत के बाद वर्तमान उक्त जमीन पर सन 2014 तक दखलकर रहा था। फर्जी नामांतरण वाद संख्या-217/2014-15 दिखाकर एक आदिवासी को डरा धमका कर जबरन मकरध्वज मंडल द्वारा कब्जा कर रहा है। शंकर सोय ने उपायुक्त से गुहार लगाते हुए निवेदन किया है कि एक आदिवासी जमीन को गैर आदिवासी फर्जी नामांतरण वाद संख्या-217/2014-15 को रद्द करते हुए मूल खतियान धारी को उसकी जमीन वापस किया जाए। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं।


