शिवपुरी में यादव और गुर्जर समाज ने सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में पुलिस अधीक्षक को संयुक्त ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही, कोतवाली थाने में भी शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई है। यह टिप्पणी राहुल वैद्य (भार्गव) नामक व्यक्ति द्वारा की गई है, जिसने स्वयं को दतिया, मध्य प्रदेश का निवासी बताया है। सोशल मीडिया पर यादव और गुर्जर समाज के खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक टिप्पणी वाला यह वीडियो वायरल होने के बाद दोनों समाजों में भारी रोष और आक्रोश व्याप्त है। समाज के पदाधिकारियों ने ऐसी टिप्पणियों को सामाजिक समरसता बिगाड़ने वाला बताया और आरोपी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की। राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के शहर अध्यक्ष करतार सिंह गुर्जर और अरविंद पाल पामंडी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। यादव समाज जिला शिवपुरी की ओर से जिला उपाध्यक्ष श्याम यादव और अन्य पदाधिकारियों ने भी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि त्वरित और न्यायपूर्ण कार्रवाई से ही सामाजिक सौहार्द बनाए रखा जा सकता है। पुलिस ने शिकायत आवेदन प्राप्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।


