रांची में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश की वजह से डोरंडा स्थित बटन तालाब में बारिश का पानी भर गया। उसके दबाव से तालाब का बांध टूट कर बह गया। नतीजा यह हुआ कि मजिस्ट्रेट कॉलोनी के पास स्थित निचले इलाके में रहने वाले लोगों के घरों में कीचड़ व पानी घुस गया। रात में तीन बजे किसी तरह लोग जान बचा कर अपने घरों से बाहर भागे। क्योंकि अचानक तेज पानी का बहाव उनके घरों के अंदर आ गया। मजिस्ट्रेट कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने बताया कि रात 2 बजे तेज आवाज हुई। उसके कुछ ही देर बाद उनके घरों में पानी घुसने लगा। लोगों को समझ में नहीं आया कि पानी कहां से आ रहा है। घर में पानी घुसते देख लोग अपने बच्चों के साथ किसी तरह रात में बाहर भागे। जब लोग सड़क पर बाहर आए तो काफी देर बाद पता चला कि बटन तालाब का बांध टूट कर बह गया है। घटना की सूचना मिलने पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव व जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्हें तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराई। नालों की गंदगी व कचरा घरों के सामने आकर हो रहा जमा महिला को लगा करंट, बच्ची बह रही थी, बचाया बटन तालाब का पानी घुसने से कई घरों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। एक महिला को करंट लग गया। सृष्टि नाम की बच्ची पानी के तेज बहाव में बह रही थी, उसे बचाया गया। लोगों ने कहा कि नगर निगम व मत्स्य विभाग को सूचना दी, पर कोई मदद नहीं मिली। दो बस स्टैंड में कीचड़ व जलजमाव, यात्री हो रहे परेशान बारिश की वजह से आईटीआई बस स्टैंड में कीचड़ हो गया है, जिससे यात्री परेशान हैं। वहीं स्टेशन रोड स्थित सरकारी बस स्टैंड में जल जमाव हो गया है। जिससे यात्रियों को बसों तक पहुंचने में परेशानी हुई। पंडरा और अपर बाजार में सड़क पर घुटने पर पानी भरा पंडरा इलाके में सड़क नाला बन गई है। घुटने भर पानी भर गया। जल जमाव की वजह से दो पहिया वाहनों व पैदल चलने वालों को काफी परेशानी हुई। इस मार्ग में जिनकी दुकानें हैं, उन्हें भी काफी परेशानी हुई। अपर बाजर में भी जल जमाव की वजह से सड़क ही नाला नजर आया। अशोक विहार में नाले का पानी भरा, लोग परेशान अशोक बिहार की रहने वाली डॉ. अंजना वर्मा ने बताया कि सड़कों पर नाले का पूरा पानी आ रहा है। क्योंकि जो बड़ा नाला था, उस पर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया। इस वजह से तेज बारिश होने पर नाले का पानी सड़क पर आ रहा है। कई घरों में भी घुस जा रहा है। गणपतिनगर में कमर तक पानी भरा : वार्ड नंबर 13 में गणपति नगर में सड़क पर कमर तक पानी भर गया। मुहल्लेवासी अपने घरों में कैद रहे। यहां के निवासी अधिवक्ता अजय पांडेय ने बताया कि वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। लोग काफी परेशान हैं।


