भरतपुर| अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी कर 4500 लीटर वॉश और 6 अवैध भट्टियों को मौके पर ही नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान 70 लीटर हथकड़ शराब भी जब्त की गई। इस मामले में एक महत्वपूर्ण और एक साधारण श्रेणी का प्रकरण दर्ज किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी राजीव शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। एईओ लखन व्यास के नेतृत्व में आबकारी विभाग की संयुक्त रेड गश्त टीम ने कस्बा कुम्हेर के छापर मोहल्ला क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान आबकारी निरीक्षक धर्मेन्द्र चौधरी और जमादार रोबिन सिंह भी टीम में शामिल रहे। आबकारी अधिकारियों ने बताया कि गश्त के दौरान अवैध शराब निर्माण में उपयोग की जा रही 4500 लीटर वॉश और 6 भट्टियों को नष्ट किया गया। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह सघन अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। दो प्रकरण दर्ज, मौके से फरार हुए आरोपी:- आबकारी विभाग की रेड के दौरान आबकारी वृत्त डीग में दो प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से एक प्रकरण महत्वपूर्ण श्रेणी का रहा, जिसमें 70 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। वहीं दूसरे साधारण श्रेणी के प्रकरण में 8 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई। रेड के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।


