अमृतसर| आयकर विभाग की ओर से मंगलवार को करदाता जागरूकता एवं शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गैर-लाभकारी संस्थाओं, ट्रस्टों, अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों को आयकर अधिनियम के तहत मिलने वाली कर छूटों, पंजीकरण प्रक्रिया तथा अनुपालन से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न ट्रस्टों, सोसायटियों और एनजीओ के प्रतिनिधियों के अलावा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं एडवोकेट बार एसोसिएशन के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बार एसोसिएशन के सदस्य एसके महाजन ने अपने सहयोगियों के साथ देवेंद्र यादव, आयकर अधिकारी (छूट), अमृतसर का स्वागत किया और करदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए आयकर विभाग की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। उपस्थितजनों ने इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और जानकारीपूर्ण बताया तथा स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देने की दिशा में इसे एक प्रभावशाली कदम करार दिया। इस मौके पर जयश्री शर्मा, अमनप्रीत कौर के अलावा देवेंद्र यादव, कमल चौधरी मौजूद थे।


