करौली में रविवार को राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (आरएएस) परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के 31 परीक्षा केंद्रों पर कुल पंजीकृत 10 हजार 410 अभ्यर्थियों में से 5 हजार 784 ने परीक्षा दी, जबकि 4 हजार 626 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस प्रशासन ने बड़ी संख्या में जवान तैनात किए और मोबाइल यूनिट द्वारा लगातार निगरानी की गई। सुबह से ही परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रत्येक अभ्यर्थी की कड़ी जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा की कड़ी व्यवस्था के चलते देर से पहुंचने वाले कई अभ्यर्थियों को प्रवेश से वंचित होना पड़ा। इन अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए काफी विनती की और कुछ भावुक भी हो गए, लेकिन नियमों का सख्ती से पालन करते हुए किसी भी देर से आने वाले अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।


