आरएसएस का पद संचलन, गांव-गांव शाखा विस्तार का संकल्प:श्योपुर में लाठी लेकर चले स्वयंसेवक, जगह-जगह फूलों से हुआ स्वागत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने गुरुवार को श्योपुर नगर की अम्बेडकर बस्ती में विजयादशमी पर्व के अवसर पर पथ संचलन का आयोजन किया। यह संचलन संघ के शताब्दी वर्ष समारोह का हिस्सा है, जिसके तहत 2 से 12 अक्टूबर तक पूरे भारत में प्रत्येक बस्ती और मंडल स्तर पर विजयादशमी उत्सव मनाए जा रहे हैं। श्योपुर में यह पहला पथ संचलन था। यह संचलन अम्बेडकर बस्ती स्थित श्रीराम शाखा से सुबह शुरू हुआ। स्वयंसेवक पारंपरिक गणवेश में अनुशासित पंक्तियों में कदमताल करते हुए कमाल खेड़ली, फक्कड़ चौराहा, पाली रोड और जय श्री पैलेस से होते हुए श्रीराम पार्क में समाप्त हुए। संचलन मार्ग पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जिससे राष्ट्रभावना से ओतप्रोत नारों से वातावरण गूंज उठा।संघ पदाधिकारियों ने बताया कि शताब्दी वर्ष संघ के लिए विशेष है। इस अवसर पर बस्ती-बस्ती संचलन का कार्यक्रम रखा गया है, ताकि संगठन का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके। संघ ‘पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज परिवर्तन’ के उद्देश्य से कार्यरत है, जिसमें व्यक्ति, परिवार, ग्राम, समाज और राष्ट्र परिवर्तन की संकल्पना शामिल है।आयोजकों के अनुसार, पथ संचलन केवल अनुशासन का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह समाज में राष्ट्रप्रेम, सद्भाव और समरसता का संदेश भी देता है। संघ का मानना है कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है, और यह दिन समाज में एकता और संगठन की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। इस दौरान सांसद शिवमंगल सिंह तोमर और भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण ने संचलन पर पुष्प वर्षा की। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को दूसरा संचलन विवेकानंद बस्ती में निकाला जाएगा। यह सुबह 8 बजे कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *