आरपीएफ की सायंकालीन पाठशाला का शुभारंभ; ताकि रास्ता ना भटकें बच्चे…पहले दिन खेल, ज्ञान और सुरक्षा की सीख दी

सिटी एंकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बच्चों को रेल पटरियों से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है। मंगलवार को रेलवे स्टेशन बीकानेर के पास वाशिंग लाइन क्षेत्र स्थित एक उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में आरपीएफ पाठशाला (सायंकाल) का शुभारंभ किया गया। यह पहल महानिरीक्षक ज्योति कुमार सतीजा और मंडल सुरक्षा आयुक्त संजय पिसे के निर्देशन में निरीक्षक सुभाष बिश्नोई द्वारा शुरू की गई। विद्यालय प्रशासन से समन्वय कर स्कूल समय के बाद शाम 5 बजे पाठशाला प्रारंभ की गई। मोहल्ले में उद्घोषणा कर बच्चों और अभिभावकों को बुलाया गया। पहले ही दिन 60-70 बच्चों और लगभग 50-60 मोहल्लेवासियों की उपस्थिति ने इस पहल को उत्साहजनक शुरुआत दी। पाठशाला में बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामान्य ज्ञान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें रेल लाइनों के पास न खेलने और ट्रेनों पर पत्थर न फेंकने जैसी महत्वपूर्ण सुरक्षा बातें समझाई गईं। बच्चों को पारंपरिक खेलों से भी जोड़ा गया। चेयर गेम और रस्सा कस्सी में बच्चों ने उत्साह दिखाया। चेयर गेम में मनीष (लड़कों में) और रिया (लड़कियों में) प्रथम रहे, जबकि जीके क्विज में गजानंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। हर बच्चा पटरी नहीं, प्रगति की राह पर चले साप्ताहिक दो दिन चलेगी पाठशाला : RPF टीम ने तय किया है कि यह पाठशाला सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को आयोजित की जाएगी। उद्देश्य रेलवे कॉलोनियों और झुग्गी बस्तियों के बच्चों को ट्रैक से दूर रखना और उनमें पढ़ाई व खेल के प्रति रुचि बढ़ाना है। कार्यक्रम में एएसआई श्रीनिवास, कांस्टेबल सुरेश कुमार, आरआरडी टीम से मोहनदास, छैलदान, भगवान राम, बलराज और टेक्नीशियन रीनू मीणा ने सहयोग दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *