जालंधर| स्थानीय सेंट सोल्जर कैंपस क्रिकेट ग्राउंड में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-14 इंटर-डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में जालंधर ने तरनतारन को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है। धुंध के कारण देरी से शुरू हुआ यह मैच 31-31 ओवरों का खेला गया। जालंधर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 200 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जालंधर की पारी का मुख्य आकर्षण आरव गौरी रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद शतक जड़ा। 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तरनतारन की टीम जालंधर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। बवनीत सिंह ने 9 रन देकर 5 विकेट हासिल की। कृशव ने 2 विकेट लिए। इस अवसर पर जालंधर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी संजीव एंग्रिश, सेलेक्टर विवेक महाजन, ललित कपूर और सीपीओ अमनजोत सिंह मौजूद रहे। उन्होंने टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना की और आगामी क्वार्टर फाइनल मैच के लिए कोच अजय कुमार और पूरी टीम को अपनी शुभकामनाएं दीं।


