वनडे और टी-20 मैचों के बाद अब रायपुर क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और खुशखबरी है। राजधानी रायपुर 13 साल बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मेजबानी करेगी। इससे पहले 2013 में यहां आखिरी बार आईपीएल खेला गया था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल 2026 में अपने घरेलू मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेलेगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि आरसीबी के अधिकारी ने राज्य सरकार से बात की। इसमें तय हुआ कि रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल के दो मुकाबले खेले जाएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार आरसीबी की टीम अपने घरेलू मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेलेगी। आरसीबी के अधिकारियों ने आईपीएल 2026 के लिए इन दोनों स्टेडियम को होम वेन्यू बनाने की योजना बनाई है। इसके तहत टीम 5 मैच नवी मुंबई और 2 मैच रायपुर में खेले जाएंगे। यह भी बताया जा रहा है कि आरसीबी ने अभी तक कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ से चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच कराने को लेकर कोई संपर्क नहीं किया है। बाहर के दर्शक आएंगे, स्थानीय खिलाड़ी उभर पाएंगे आईपीएल मैच होने से बाहरी दर्शक, टीम सपोर्ट स्टाफ और मीडिया की आवाजाही बढ़ेगी। होटल, लॉज, रेस्टोरेंट, कैब, ऑटो, ई-रिक्शा वालों तक की आमदनी में इजाफा होगा। एक इसके अलावा टीवी-डिजिटल पर फ्री ब्रांडिंग मिलेगी। इससे मैच के दौरान शहर का नाम देश-विदेश में करोड़ों दर्शकों तक पहुंचेगा। ड्रोन शॉट्स, लाइव ब्रॉडकास्ट के जरिए राज्य और शहर की फ्री ब्रांडिंग होगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में बड़े आयोजनों का रास्ता खुलेगा। मेजबानी का एक और बड़ा फायदा इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा। स्टेडियम, सड़क, पार्किंग, लाइटिंग, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। सबसे बड़ा लाभ युवाओं को मिलेगा। राज्य में आईपीएल मैच होने से स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। क्रिकेट अकादमियों, लोकल टूर्नामेंट और स्पोर्ट्स कल्चर को बढ़ावा मिलेगा। टैलेंट निखरेगा। भविष्य के खिलाड़ी तैयार करने में मदद मिलेगी। राज्य को नई पहचान मिलेगी दैनिक भास्कर की मुहिम के बाद राज्य सरकार ने एकलौते स्टेडियम को क्रिकेट संघ को सौंप दिया। इसके बाद अब रायपुर को इंटरनेशनल मैच की मेजबानी मिलने लगी है। दिसंबर में वनडे, 23 जनवरी को टी-20 और अब मार्च-अप्रैल में बेंगलुरु का दो मैचों का होम ग्राउंड बनेगा। इससे राज्य को खेल के क्षेत्र में नहीं पहचान मिलेगी। -विजय शाह, डायरेक्टर, सीएससीएस


