आरोग्य शिविर अब 31 मार्च 2026 तक आयोजित होंगे:झालावाड़ में हर रोगी को मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं

आमजन के स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने और राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य के सभी जिलों में 15 दिसंबर 2025 को आरोग्य शिविरों का आयोजन किया गया था। इन शिविरों की अवधि अब बढ़ाकर 31 मार्च 2026 तक निरंतर कर दी गई है। ये आरोग्य शिविर जिले के समस्त जिला, उपजिला, सैटेलाइट, सीएचसी, पीएचसी, यूपीएचसी एवं उपस्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। शिविरों के दौरान 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों की स्क्रीनिंग और काउंसलिंग के लिए आशा कार्यकर्ताओं द्वारा मोबिलाइजेशन किया जा रहा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं चिकित्सा संस्थानों पर आने वाले 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी व्यक्तियों की बीएमआई, बीपी, शुगर और कॉमन कैंसर की जांच की जाएगी। इन जांचों से संबंधित जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। बीपी और शुगर की जांच में पॉजिटिव पाए जाने वाले और फॉलोअप पर आने वाले मरीजों का नियमानुसार उपचार किया जाएगा। उनकी जानकारी एनसीडी पोर्टल पर आभा आईडी के माध्यम से दर्ज की जाएगी। साथ ही, रोगियों को बचाव के लिए जीवनशैली में परिवर्तन हेतु सलाह भी दी जाएगी। इन शिविरों के दौरान चिकित्सा संस्थानों पर आने वाले रोगियों और उनके परिजनों को स्वस्थ रहने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्हें न्यूनतम नमक, वसा और शुगर का उपयोग करने तथा व्यायाम, योग, मेडिटेशन आदि को अपनी जीवनशैली में अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। गौरतलब है कि गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनसीडी) के अंतर्गत राज्य में की जाने वाली प्रगति रैंकिंग में झालावाड़ जिला सर्वाधिक अंकों के साथ प्रथम स्थान पर है। इसमें गैर संचारी रोगों के रोगियों को दी जाने वाली सेवाएं और रोगियों के फॉलोअप गतिविधियां शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने बताया कि जिले में आयोजित होने वाले इन आरोग्य शिविरों में स्वयं, अपने परिजनों एवं जानकारों के साथ जाकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *