रांची में स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला थम नहीं रहा है। सोमवार को फिर एक छात्रा से ऑटो ड्राइवर ने छेड़छाड़ की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा की मां की शिकायत पर डोरंडा थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपी शेख कल्लू को मंगलवार को जेल भेज दिया गया। वह मौलाना आजाद कॉलोनी का रहने वाला है। एफआईआर में मां ने बताया है कि उनकी बेटी शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में नौवीं की छात्रा है। छह जनवरी को स्कूल बंद था, पर उन्होंने मैसेज नहीं देखा। सुबह बस नहीं आई तो लगा कि बस चली गई है। उन्होंने बेटी को सहजानंद चौक पर एक ऑटो (जेएच 01 एफटी 9017) में बैठा दिया। उस समय ऑटो में पिछली सीट पर दो महिलाएं और आगे की सीट पर एक युवक बैठे थे। दोपहर 2:40 बजे उन्हें स्कूल से फोन आया कि बच्ची को घर ले जाएं, स्कूल बंद है। जब वह स्कूल पहुंची तो बेटी ने बताया कि एजी मोड़ के पास जब ऑटो खाली हो गया तो ड्राइवर ने उसे जबरन आगे की सीट पर बुलाया। इनकार किया तो सीएनजी खत्म होने के बात कहकर बहलाने लगा। वह परेशान होकर आगे की सीट पर बैठी तो ड्राइवर उससे छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर भी नहीं माना। स्कूल पहुंचने पर उसने गार्ड को सूचना दी। गार्ड ने ऑटाे ड्राइवर को पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ पर उसने छेड़छाड़ की बात स्वीकारी। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। इधर, दोस्ती तोड़ी तो युवक ने की छेड़छाड़, बुआ का हाथ तोड़ा लोअर बाजार थाना क्षेत्र में भी नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि पथलकुदवा निवासी मो. सुफियान से उसकी पहले से दोस्ती थी। उसने बातचीत बंद की तो सुफियान स्कूल आने-जाने के दौरान रोककर छेड़छाड़ करता था। स्कूटी से उसके घर के आसपास चक्कर लगाता था। उसे बर्बाद करने की धमकी देता था। उसकी बुआ सोमवार को सुफियान को समझाने के लिए उसके घर पहुंची तो उसके भाई वसीम ने हमला कर दिया। हाथ तोड़ दिया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


