भास्कर न्यूज | अमृतसर श्रीलंकाई युवक-युवती को विदेश भेजने के नाम पर अगवा करके 8 हजार यूरो मांगने वाले 2 किडनैपरों को पुलिस ने जालंधर से गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा अभी फरार है। अगवा किए श्रीलंकाई युवक-युवती को परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया गया है। आरोपियों की पहचान अंकित निवासी गांव लिट्टन डाकखाना रामगढ़ कपूरथला और इंदरजीत सिंह निवासी गांव चंदपुर जालंधर के रूप में हुई है, जबकि तीसरा साथी फरार है जो गुरदासपुर का रहने वाला है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार (पीबी 02 ईडी 0337) भी बरामद की है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस टीम अपहरण मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल कर बारीकी से जांच की जाएगी। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने बताया कि आरोपी इंदरजीत सिंह के खिलाफ पहले भी चोरी, एनडीपीएस और असलहा एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं। निहालुद्दीन निवासी श्रीलंका ने पुलिस को दी िशकायत में बताया कि 2 दिसंबर 2024 को अपने साथी जेहन, कारबीका, ललिथ पिरयंथा, कनिष्का और सुमरन के साथ भारत घूमने के लिए आए थे। उन्हें दिल्ली में एक श्रीलंका का लड़का मिला जिसका नाम असीथा था, जिसे वह पहली बार मिले थे। उसने कहा कि वह उन सभी का अल्बेनिया का वर्क वीजा लगवा देता है। उसके सभी साथी इसके लिए तैयार हो गए। जिसके बाद असीथा ने उन्हें भारत के 2 लोगों से मिलवाया। वर्क वीजा लगाने के लिए उनसे 3000 यूएस डॉलर ले लिए। जिसके बाद उक्त दोनों लोगों ने 27 दिसंबर 2024 को उन्हें बताया कि आपके 2 साथी कनिष्का और सुमरन का वीजा लग गया है और उन्हें अमृतसर में बुला लिया। वह अपने साथियों के साथ अमृतसर आ गए। 29 दिसंबर की रात को 10.25 बजे कनिष्का और सुमरन को कार में बिठाकर ले गए। उसके अगले दिन सुबह 7:30 के करीब मोबाइल पर वीडियो कॉल आई और कहने लगे कि उनके साथी कनिष्का और सुमरन को जान से मार देंगे। अगर उन्हें बचाना चाहते हो तो उन्हें 8000 यूरो दें। जिसके संबंध में थाना ए डिवीजन में केस दर्ज किया गया। वहीं, पुलिस पार्टी ने मामले की जांच करते हुए प्रोफेशनल एंगल से अपहरण हुए श्रीलंका के दोनों लड़का-लड़की को 3 घंटे के भीतर ही सुरक्षित बरामद करके उनके परिजनों को सौंप दिया। करीब 15 घंटे के भीतर अपहरण वाले दोनों आरोपी अंकित और इंदरजीत को जालंधर देहाती पुलिस की मदद के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के एक अन्य साथी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


