भास्कर न्यूज | ठाकुरगांव बुढ़मू में आपसी विवाद में गुरुवार को अफजल अंसारी (70) की मृत्यु हो गई थी। विवाद में उमेडंडा गांव निवासी संजय साहू के विरुद्ध मृतक के बेटे शमीम अंसारी ने आवेदन देकर गिरफ्तारी की मांग की है। इस मामले को लेकर शुक्रवार को मृतक के परिजन व क्षेत्र के लोगों द्वारा बुढ़मू थाना के समीप लगभग दो घंटे तक सड़क जाम की गई। साथ ही शव को थाना गेट के सामने रखकर पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की और संजय साहू को जेल भेजने की मांग पर अड़े रहे। उग्र लोगों ने थाना परिसर में पथराव भी किया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी सुमीत कुमार अग्रवाल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कहा कि किसी भी परिस्थिति में किसी निर्दोष पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही थाना परिसर में पथराव करने वाले शरारती तत्वों को चिह्नित कर निश्चित रूप से उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई करने की बात कही। मौके पर बेड़ो अंचल के डीएसपी अशोक राम, मांडर इंस्पेक्टर शशिभूषण चौधरी, अंचलाधिकारी सच्चिदानंद कुमार वर्मा, बीडीओ धीरज कुमार, खलारी थाना प्रभारी बी. बाखला, ठाकुरगांव थाना प्रभारी विनीत कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। दूसरी ओर बुढ़मू प्रखंड अंजुमन कमेटी के सदर शमीम बड़ेहार पर भी उग्र भीड़ ने जानलेवा हमला करने का प्रयास किया, जिससे उन्हें भागकर थाना में शरण लेनी पड़ी। इस पर शमीम ने लिखित आवेदन थाना में देते हुए बुढ़मू निवासी मुश्ताक अंसारी (पिता महमूद अंसारी) के अलावा अन्य 10-12 लोगों के विरुद्ध जान से मारने की कोशिश करने का मामला दर्ज कराया है। इस मामले की भी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।


