लॉरेंस रोड स्थित आर्य समाज में ऋषि बोधोत्सव मनाया गया। आर्य समाज की प्रधान डॉ. ऐश्वर्य मेहरा के नेतृत्व में आयोजित समारोह में मंच संचालन आर्य मॉडल स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. श्रुति महाजन ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक वेद मंत्रों के गायन के साथ हुआ। इस मौके पर पं. पवन त्रिपाठी व शिवानी भगत द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण एवं मधुर भजन-कीर्तन ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय एवं प्रेरणादायी बना दिया। इस अवसर पर प्रधान डॉ. ऐश्वर्य मेहरा ने महर्षि दयानन्द सरस्वती के वेद-आधारित विचारों, समाज सुधार की भावना तथा नैतिक मूल्यों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऋषि बोधोत्सव हमें सत्य, ज्ञान और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश देता है। इस अवसर पर अमृतसर के विभिन्न आर्य समाजों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


