आलीराजपुर की वेदिका पटेल का 10 मीटर और 50 मीटर राइफल शूटिंग में इंडिया टीम ट्रायल (जूनियर और यूथ वर्ग) के लिए चयन हुआ है। छात्रा की इस उपलब्धि पर लोगों ने शुभकामनाएं दी है। नेशनल प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन वेदिका ने मध्य प्रदेश स्टेट शूटिंग अकादमी, भोपाल में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसी के आधार पर उनका चयन इंडिया टीम ट्रायल के लिए किया गया है। उनके इस प्रदर्शन से जिले और प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। प्रशिक्षण से मिली मजबूती वेदिका ने बताया कि उन्होंने ऐश्वर्या अकादमी से शूटिंग का प्रशिक्षण लिया, जहां उन्हें खेल की बारीकियां और सही तकनीक सीखने का मौका मिला। कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास से उन्हें यह सफलता मिली। 12 जनवरी से पुणे में होंगे ट्रायल वेदिका का चयन इंडिया टीम ट्रायल्स के ग्रुप ‘बी’ (राइफल इवेंट) के लिए हुआ है। ये ट्रायल 12 जनवरी 2026 से पुणे में आयोजित होंगे, जहां वे राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगी। परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी वेदिका के पिता महेश पटेल और जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने इस उपलब्धि को पूरे आलीराजपुर जिले और जोबट क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने वेदिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्रवासियों ने दी बधाई वेदिका के चयन पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि वेदिका की सफलता से यह साबित होता है कि छोटे जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी सही मार्गदर्शन और मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।


