आलीराजपुर में जोबट में एमपीईबी कार्यालय के सामने शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में डेढ़ साल का बच्चा और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डेढ़ वर्षीय माधव अपनी मां पूजा वर्मा की गोद से उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। माधव के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद आलीराजपुर रेफर किया गया है। वहीं घायल मां का इलाज जोबट के स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
दो नाबालिग पकड़े गए हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने भाग रहे मोटरसाइकिल सवार दो नाबालिगों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। तेज रफ्तार और स्टंटबाजी से लोग परेशान स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में नाबालिग बच्चों के बिना नंबर की बाइकों से स्टंटबाजी और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त लगाम कसी जाए।


