नेपानगर के करीब 19 वार्ड के रहवासियों को प्रधानमंत्री आवास योजना और पट्टे का लाभ नहीं मिल रहा है। इसका कारण यह है कि नेपानगर में 5 वार्ड नगर पालिका और 19 वार्ड नेपा मिल के अधिन आते हैं, जो पांच वार्ड नगर पालिका के हैं वह राजस्व की सीमा में आते हैं इसलिए वहां के लोगों को तो प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन अन्य 19 वार्ड के रहवासी नेपा मिल के अधिन वार्ड होने से इस योजना से वंचित है। मिल के पास जो जमीन लीज पर है वह वन विभाग की है। जब तक यह राजस्व में परिवर्तित नहीं होती नगर के 19 वार्डों के रहवासियों को पीएम आवास और पट्टे का लाभ नहीं मिल सकता। इधर इन दिनों नगर के वार्डों में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत शिविर आयोजित हो रहे हैं जिसमें हर वार्ड में रहवासी पीएम आवास और पट्टे आवेदन भी कर रहे हैं, लेकिन यह कवायद बेकार हो रही है, क्योंकि नेपा मिल से 300 एकड़ जमीन नगर पालिका का हस्तांरित करने की प्रक्रिया अधर में है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही लोगों को पट्टे, पीएम आवास का आवास मिल सकता है। एक दिन में आए 200 आवेदन सोमवार को नगर पालिका की ओर से मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान जनकल्याण पर्व के तहत वार्ड नंबर 12 में भी शिविर आयोजित किया गया। यहां पीएम आवास और पट्टे को लेकर करीब 200 आवेदन आए। ऐसे में इन लोगों को लाभ कैसे मिलेगा, क्योंकि यह वार्ड राजस्व में नहीं आता। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत शिविर 26 जनवरी तक लगेंगे। इस दौरान अब तक कईं वार्डों में पीएम आवास योजना, पट्टे के लिए आवेदन आए हैं। नगर पालिका इंजीनियर प्रकाश बड़वाहे के अनुसार करीब 25 से ज्यादा आवेदन अब तक अन्य वार्डों से भी आए हैं, लेकिन इसका लाभ केवल राजस्व वार्डों में ही मिलेगा। वह इसलिए की वन भूमि होने से अभी जमीन हमें नहीं मिली है। केवल पांच वार्ड ही नगर पालिका में आते हैं, क्योंकि वह राजस्व में हैं। वहां योजना का लाभ दिया गया है। शिविर में लोग किसी भी समस्या का आवेदन कर सकते हैं इसलिए आवेदन ले रहे हैं। 300 एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है। प्रस्ताव बनाकर भी भेजा गया था। यह बोले अफसर-जनप्रतिनिधि- जिला स्तर पर प्रक्रिया चल रही है इस मामले में नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने कहा- नेपा मिल से जमीन नगर पालिका को हस्तांतरित करने की प्रोसेस जिला स्तर पर चल रही है। प्रोसेस पूरी हो जाती है तो बात आगे बढ़ेगी। परिवेश पोर्टल पर ऑनलाइन एंट्री हुई है। कुछ आपत्ति, अनापत्ति पर मामला अटका हुआ है। प्रयास लगातार जारी है कि सभी को योजना का लाभ मिले। पहले जमीन की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है। आवेदन आए होंगे तो फिलहाल रिजेक्ट हो जाएंगे नेपानगर नगर पालिका सीएमओ शैलेंद्र चौहान ने कहा- हम राजस्व की भूमि पर ही पीएम आवास योजना का लाभ दे सकते हैं। पट्टे की जानकारी राजस्व विभाग से मिलेगी। जमीन हस्तांतरण को लेकर प्रस्ताव भेज चुके हैं। हमें जमीन मिल जाएगी तब ही हम आवास योजना का लाभ देने के लिए अधिकृत होंगे। अभी आवेदन आएंगे तो रिजेक्ट हो जाएंगे। वार्डवासी परेशान हो रहे, लाभ मिलना चाहिए
पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष व वार्ड 12 पार्षद प्रतिनिधि विजय यादव के अनुसार शिविर में वार्डवासी आवेदन कर रहे हैं, लेकिन जमीन हस्तांरित नहीं होने से योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी होना चाहिए ताकि आमजन को अन्य वार्डों में भी पीएम आवास योजना, पट्टे का लाभ मिले।


