ब्यावर में आशापुरा माता धाम में सोमवार को पौषबड़ा महोत्सव का आयोजन किया गया। दोपहर 2:30 बजे से सांध्य आरती तक चले इस उत्सव में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महोत्सव का आयोजन कृष्णचंद लढ़ा और नारायण सोनी के सौजन्य से हुआ। इस अवसर पर मां आशापुरा का पुष्पों और गुब्बारों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को भी रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। नगर के विख्यात भजन गायक भागचंद सोलीवाल ने सुमधुर भजन संध्या प्रस्तुत की। मंदिर समिति के सह-सचिव सुरेश वैष्णव ने बताया कि भजन-कीर्तन के दौरान प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन संध्या का शुभारंभ किशन सोलीवाल ने गणपति वंदना “धूप करूं ला मारे आंगनिया में रमता पधारो गणपति” से किया। इसके बाद भागचंद सोलीवाल ने “वीर हनुमाना अतुलित बल धामा”, “अपने दिल को हाल में सुनावन”, “मेरी लगी श्याम संग प्रीत दुनिया क्या जाने”, “चौंसठ जोगनिया देवी मंदिर में रम जा” और “मेरा श्याम बड़ा रंगीला कोई अंखिया लड़ा कर देखे” सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की लय पर मातृ शक्ति ने नृत्य कर आनंद लिया। महोत्सव में मां आशापुरा एवं पंचमुखी बालाजी महाराज को हलवा व पकौड़ों का भोग अर्पित किया गया। सांध्य आरती के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को हलवा-पकौड़ों का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में सुमित्रा जेथलिया, मुक्ता रामावत, राजेश्वरी यादव, रेखा सोनी, रानू जोशी, उर्मिला भाटी, दुर्गा रामावत, जय श्री, सुनीता परिहार, सरोज सोनी, आशा लढ़ा, निर्मला, कृष्णचंद लढ़ा, रामचंद्र प्रजापत, कैलाश शर्मा, राजीव मिश्रा, हरमीत सिंह, मुरली जादम और नारायण सोनी सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।


