देवास पुलिस आष्टा में हुए बवाल के बाद पूरी तरह सतर्क हो गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने रविवार देर रात शहर के भोपाल बाईपास पर भोपाल की ओर से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की। पुलिस ने रविवार अलसुबह तक मोर्चा संभाले रखा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत टिप्पणी, भड़काऊ बयान या सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक टिप्पणी या व्यक्ति विशेष को लेकर आपत्तिजनक कमेंट करने से बचें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


