पश्चिम बंगाल के आसनसोल में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर रविवार सुबह अचानक भूस्खलन की घटना सामने आई। यह हादसा मोरीचकोटा इलाके में आसनसोल और चौरंगी मोड़ के बीच हुआ, जहां सड़क पर करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया। यह मार्ग झारखंड के धनबाद और जामताड़ा जिलों को पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाला एक अहम फोर लेन हाईवे है। गाड़ियों का आना-जाना पूरी तरह बंद भूस्खलन के कारण इस व्यस्त राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। उन्होंने तत्काल यातायात को नियंत्रित करने और घटनास्थल की घेराबंदी शुरू कर दी ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। कुल्टी ट्रैफिक गार्ड तापस पाल और NHAI पेट्रोलिंग कर्मी रंजीत चटर्जी ने बताया कि इस घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। सड़क की मरम्मत और यातायात को सामान्य करने के प्रयास युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। पहले भी सड़क पर हो चुका है धंसान गौरतलब है कि इस क्षेत्र में यह पहली भूस्खलन की घटना नहीं है। इससे पहले चौरंगी चौराहा क्षेत्र में भी ऐसा हादसा हो चुका है। वहीं, रघुनाथबाटी में एक क्लब पूरी तरह से भूमिगत हो गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय निवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद सड़क की हालत चिंताजनक है। यदि कोई तेज रफ्तार वाहन इस गड्ढे में गिर जाता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।


