अंबिकापुर | आध्यात्मिक चेतना व लोक कल्याण के उद्देश्य से गोधनपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में नौ दिवसीय श्री शतचण्डी महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह महायज्ञ 19 जनवरी से 27 जनवरी तक आयोजित होगा। आयोजन के प्रथम दिन सोमवार को कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महायज्ञ का आयोजन गुरुदेव स्वामी चंद्रपाल ब्रह्मचारी के सानिध्य और स्वामी तन्मयानन्द जी महाराज (संरक्षक, रामकृष्ण विवेकानंद सेवा आश्रम) के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री शतचण्डी महायज्ञ आयोजन समिति के सदस्य निरंतर सक्रिय हैं। समिति में आचार्य दीपक कृष्ण शास्त्री, सुनील गुप्ता, विमल प्रसाद सिंहा, नागेंद्र सिंह, अजय तिवारी, कृपा शंकर गुप्ता, चंद्रदेव चक्रधारी, मनोज मिश्रा, नीरज सिंह व नीरज गुप्ता प्रमुख रूप से सहयोग कर रहे हैं।


