भास्कर न्यूज | पबिया सुखजोड़ा पंचायत के भालसुंधा गांव में शिव मंदिर में प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तहत सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा बेजड़ा नदी से शुरू हुई। सैकड़ों महिलाएं और पुरुष कलश यात्रा में इसमें शामिल हुए। मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने बेजड़ा नदी से कलश में पवित्र जल भरा। इसके बाद करीब 10 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पूरे मार्ग को भव्य रूप से सजाया गया था। श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। डीजे की धुनों और भजन-कीर्तन के बीच भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालु नाचते-गाते शिव भक्ति में लीन हो गए। गांव के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत मंगलवार से महाशिवरात्रि पर्व की शुरुआत होगी। इस अवसर पर विधि-विधान से मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें भाग लेंगे। भक्ति जागरण, शिव कथा, हवन-पूजन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी होंगे। कलश यात्रा में 251 महिलाओं ने कलश उठाया। मौके पर वीरेंद्र मंडल, सपन मंडल, जोसेफ मुर्मू, उज्जवल मंडल सहित कई लोग मौजूद रहे।