भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल 178वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल द्वारा सामरिक मुख्यालय दुर्गूकोंदल में इंटर सेक्टर वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया। फ्रंटियर स्तर पर वॉलीबॉल टीम के चयन और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में चार टीमें सेक्टर दुर्ग (ए व बी) व सेक्टर रायपुर (ए व बी) में बांटा गया। प्रतियोगिता के प्रत्येक टीम के 50 प्रतिशत खिलाड़ी स्थानीय ग्रामीण युवाओं में से चुने गए। इससे सीमा सुरक्षा बल और आमजन के बीच खेल के माध्यम से सहभागिता और मजबूत हुई। रोमांचक मुकाबले के बाद सेक्टर दुर्ग बी व सेक्टर रायपुर बी के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। सेक्टर दुर्ग बी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए रायपुर को 2-0 से परास्त किया। कमांडेंट रवि भूषण ने कहा खेल न केवल शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का विकास करते हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं। सीमा सुरक्षा बल में खेल संस्कृति हमेशा से देश की युवा शक्ति को प्रोत्साहित करने का उत्कृष्ट माध्यम रही है। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी जेआर कुजुर, शैलेंद्र शर्मा, सहित बीएसएफ के अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।


