इंडिगो की क्रू संकट से पैदा हुई अव्यवस्था ने यात्रियों की परेशानी चरम पर पहुंचा दी है। पिछले चार दिन से फ्लाइट्स लगातार देरी और कैंसिलेशन की मार झेल रहीं हैं। किसी की फ्लाइट तीसरी बार रिशेड्यूल हो गई, किसी को रिफंड के लिए भटकना पड़ रहा है। शनिवार को भी जयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो काउंटर के बाहर यात्रियों की लंबी लाइनें और गुस्सा साफ दिखा। इधर इंडिगो की इस अव्यवस्था का फायदा दूसरी एयरलाइंस ने उठा लिया है। मुंबई रूट पर शनिवार को एक भी फ्लाइट में सीट नहीं मिली। रविवार के लिए स्पाइसजेट का किराया 37,977 रुपए तक पहुंच गया। हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और पुणे रूट पर रविवार तक ‘नो बुकिंग’, जबकि सोमवार तक का किराया भी सामान्य से कई गुना अधिक दिख रहा है। फ्लाइट कैंसिलेशन का सीधा असर रेलवे पर पड़ा। पीक सीजन में पहले से लंबी वेटिंग वाली ट्रेनों में पिछले तीन दिनों में वेटिंग 100 से ऊपर चली गई है। कई रूट्स पर स्लीपर और थर्ड एसी में ‘नो रूम’ हो गया। बढ़ते दबाव को देखते हुए रेलवे ने मुंबई, पुणे और अहमदाबाद के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया। उधर, जयपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सीटें, अतिरिक्त चेक-इन काउंटर, मेडिकल सपोर्ट और रियल-टाइम अपडेट जैसी व्यवस्थाएं बढ़ाई हैं। इसके बावजूद हालात ऐसे कि गोवा से आए 62 बच्चों का पूरा ग्रुप घंटों गेट नंबर-1 पर बोर्डिंग का इंतजार करता रहा। यात्रियों का दर्द; एयरपोर्ट पर आने के बाद बताते हैं, आपकी उड़ान रद्द है 8 दोस्त गोवा जाने को निकले, पता नहीं कब पहुंचेंगे; रविवार को गोवा जाने के लिए 8 दोस्तों का ग्रुप शनिवार देर शाम तक दुविधा में था कि उनकी फ्लाइट ऑन टाइम रहेगी या कैंसिल। उन्होंने बताया, काफी समय से प्लान बना रखा था। गोवा में होटल और बाकी सारी एडवांस बुकिंग करवा रखी है। अगर रविवार को नहीं पहुंच पाए तो एडवांस का पैसा भी नहीं मिलेगा और पूरा प्लान बिगड़ जाएगा। ग्रुप के सभी 8 लोगों ने एक ही टाइमलाइन के हिसाब से छुट्टियां ली थीं, इसलिए किसी एक दिन की देरी भी पूरा शेड्यूल बदल सकती है। मोहित शादी के बाद पत्नी के साथ पहली यात्रा पर आए, एयरपोर्ट पर ही अटके
आईटी कंपनी में काम करने वाले मोहित खत्री ने कहा, मेरी 15 दिन पहले शादी हुई है। शादी के बाद पहली बार पत्नी के साथ बेंगलुरु जा रहा था। शुक्रवार सुबह 5 बजे की फ्लाइट कैंसिल हुई, फिर शाम 4 बजे वाली भी। उसके बाद एयरलाइन का कॉल आया कि आप रिफंड ले लें। वे शुक्रवार से लगातार ट्रेन और फ्लाइट दोनों देख रहे हैं, लेकिन अभी तक यह तय नहीं कि वे जा भी पाएंगे या नहीं। सुबह असम जाना था, उड़ान रद्द, अब 12 तक कंफर्म टिकट नहीं
कस्टम विभाग में काम करने वाले पारस कुमार बरडिया ने कहा, आज सुबह असम जाना था, लेकिन फ्लाइट कैंसिल हो गई। हम तीन लोग हैं और 12 दिसंबर तक का विकल्प मांग रहे हैं, पर कंफर्म नहीं हो रहा। उन्होंने बताया कि असम के लिए जयपुर से सिर्फ एयर इंडिया और इंडिगो ही उड़ानें देती हैं। दोनों में टिकट नहीं मिल रही। अगर 12 से पहले फ्लाइट मिलती है तो यहीं रुकेंगे, नहीं तो वापस बीकानेर लौटना पड़ेगा। ट्रेनें फुल, रेलवे ने मुंबई, पुणे और अहमदाबाद सहित 5 स्पेशल चलाई
फ्लाइट्स रद्द होने का असर ट्रेनों पर भी पड़ा। 3 दिन से मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, अहमदाबाद, चेन्नई, कोलकाता की ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है। कई ट्रेनों में स्लीपर व थर्ड एसी क्लास में नो रूम आ गया है। जयपुर-दुर्गापुरा-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल, हिसार-खड़की (पुणे) वाया जयपुर स्पेशल, दिल्ली सराय-साबरमती वाया जयपुर स्पेशल, जोधपुर-हावड़ा और अजमेर-बेंगलुरु कैंट सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलेगी।


