इंडिगो द्वारा उड़ानों को निरस्त किए जाने का सिलसिला लगातार जारी है। आज कंपनी ने इंदौर से चेन्नई के बीच संचालित होने वाली रात की उड़ान को निरस्त कर दिया है। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-489/756) रात 9.50 बजे चेन्नई से इंदौर जाकर 10.20 बजे वापस चेन्नई जाती है, लेकिन आज कंपनी ने ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए इस फ्लाइट को निरस्त कर दिया है। कंपनी पहले भी कई बार इस फ्लाइट को निरस्त कर चुकी है। फ्लाइट के निरस्त होने से इसमें बुकिंग कर चुके यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी ने यात्रियों को रिफंड और आई बुकिंग का विकल्प दिया है। कुछ यात्रियों को दिन की चेन्नई फ्लाइट में भी एडजस्ट किया गया है। इधर, वाराणसी से इंदौर आने और जाने वाले यात्रियों को आज भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाराणसी से इंदौर आने वाली काशी- महाकाल एक्सप्रेस ट्रेन 10 घंटे देरी से चल रही है। इस ट्रेन को सुबह 9 बजे इंदौर आकर 10.15 बजे वापस वाराणसी जाना था, लेकिन यह ट्रेन शाम करीब 6 बजे तक इंदौर पहुंचेगी और इसके बाद यहां से वापस वाराणसी के लिए रवाना होगी। काशी-महाकाल एक्सप्रेस (20413) वाराणसी से दोपहर 2 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9 बजे इंदौर पहुंचती है, लेकिन कल यह ट्रेन वाराणसी से ही 4 घंटे 17 मिनट देरी से शाम 6.17 बजे रवाना हुई। इसके बाद पूरे रास्ते ट्रेन लेट होती गई। सुबह 9 बजे पहुंचना था आज सुबह 9 बजे इंदौर पहुंचना था, लेकिन इस समय तक यह 10 घंटे से ज्यादा लेट होने के कारण झांसी भी नहीं पहुंची। संभावना है कि यह ट्रेन शाम 5.45 बजे इंदौर पहुंचेगी। इसके बाद इसी रूट के साथ वापसी में संभवतः 6.15 बजे इंदौर से वाराणसी के लिए रवाना होगी, जबकि इंदौर से इसके रवाना होने का समय सुबह 10.15 बजे का है। रेलवे द्वारा यात्रियों को सूचना दी गई है कि यह ट्रेन करीब 6 घंटे लेट है। हालांकि यह 8 घंटे देरी से जाने की उम्मीद है। इसके कारण सुबह से स्टेशन पहुंचे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


