दतिया के कस्बा इंदरगढ़ के वार्ड क्रमांक 9 मणिपुरा में बुधवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि हवाई फायरिंग और मारपीट हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दो पक्षों में विवाद हो गया है और हवाई फायरिंग की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। प्रीति कुशवाहा पत्नी राजकुमार कुशवाह (40) ने पुलिस को बताया कि ऋषभ यादव, शिवाजी यादव और बलराम गुर्जर घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।


